श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने वीरवार को राजभवन में राष्ट्रीय स्तर के युवा वुशु खिलाड़ी मास्टर अमान खान से मुलाकात की। इस अवसर पर उपराज्यपाल ने बारामुला के बारह वर्षीय इस होनहार एथलीट को हाल ही में तमिलनाडु में आयोजित 25वें सब जूनियर राष्ट्रीय वुशु चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने पर बधाई देते हुए आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामना दी। उन्होंने अमान खान की उपलब्धि को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में राष्ट्रीय स्तर पर इस तरह की सफलता हासिल करना न केवल उनके लिए, बल्कि पूरे जम्मू-कश्मीर के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने अमान की कड़ी मेहनत, समर्पण और अनुशासन की सराहना की, जो उन्हें इस खेल में उत्कृष्टता की ओर ले जा रहा है।