बांदीपोरा। अमरनाथ यात्रा को लेकर डिप्टी कमिश्नर बांदीपोरा मंजूर अहमद कादरी ने शुक्रवार को तीर्थ यात्रियों को प्रदान की जा रही सुविधाओं और सेवाओं की गुणवत्ता का आकलन करने के लिए शादीपोरा ट्रांजिट कैंप का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आवास व्यवस्था, स्वच्छता उपायों, चिकित्सा सहायता स्टेशनों और अन्य महत्वपूर्ण सुविधाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने तीर्थ यात्रियों को परेशानी मुक्त अनुभव प्रदान करने के लिए स्वच्छता बनाए रखने, चौबीसों घंटे चिकित्सा सहायता सुनिश्चित करने और सुरक्षा मानकों को बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उनके साथ एसडीएम सुंबल मुर्तजा अहमद, तहसीलदार सुंबल सैयद शब्बर और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।