जम्मू। लद्दाख से भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और महासचिव तरुण चुघ से मुलाकात कर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। वक्ताओं ने केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में नए जिलों जांस्कर, द्रास, चांगथांग, नुबरा और शाम के गठन को समावेशी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। केंद्र की निरंतर वित्तीय समर्थन की सराहना करते हुए वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम और दूसरे चरण की मंजूरी को सराहा। शिष्टमंडल ने लद्दाख में राजपत्रित भर्ती प्रक्रिया को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने क्षेत्रीय विकास को अधिक कुशलता से प्रबंधित करने और वित्तीय अनियमितताओं को हल करने के लिए एक समर्पित लद्दाख वित्त निगम के गठन का प्रस्ताव रखा। इस दौरान एलएएचडीसी लेह के अध्यक्ष व मुख्य कार्यकारी पार्षद अधिवक्ता ताशी ग्यालसन, त्सेरिंग अंगचुक, फुंचोक स्टैनजिन, त्सेरिंग नामग्याल पीटी कुंजांग आदि मौजूद रहे।