बारामुला। जिले के बोनियार के नूरखा गांव में सर्पिल सींगों वाला दुर्लभ प्रजाति का जंगली बकरा मारखोड़ देखा गया।
एक अधिकारी ने बताया कि स्थानीय लोगों ने नूरखा में एक झरने के पास जानवर को देखा और तुरंत अधिकारियों को सूचित किया। अधिकारी ने कहा कि इस दुर्लभ प्रजाति को पहली बार क्षेत्र में देखा गया है। उन्होंने अनुमान लगाया कि यह सीमा पार से आया होगा। एक अधिकारी ने कहा कि जानवर की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उसे पकड़ने के प्रयास जारी हैं। बता दें, दुर्लभ और लुप्तप्राय प्रजाति मारखोड़ पाकिस्तान, अफगानिस्तान, भारत, ताजिकिस्तान, तुर्कमेनिस्तान और उज्बेकिस्तान सहित मध्य और दक्षिण एशिया के पहाड़ी क्षेत्रों में पाई जाती है।