बेलीपोरा में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए गुलाम हसन मीर
जम्मू। अपनी पार्टी की प्राथमिकता है कि बेरोजगारों को रोजगार से जोड़ा जाए। आर्थिकी को सुदृढ़ किया जाए। यह बात वरिष्ठ उपाध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री गुलाम हसन मीर ने बेचिपोरा में आयोजित बैठक में कही। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित विधानसभा चुनावों के बाद अगर अपनी पार्टी जम्मू-कश्मीर में सरकार बनाती है, तो पहली प्राथमिकता बेरोजगार युवाओं को रोजगार देना होगा।
उन्होंने कहा कि आजकल युवा रोजगार के अभाव में भटककर नशाखोरी व अन्य गैर कानूनी कार्यों में सम्मिलित हो रहे हैं। हमारा ध्यान युवाओं को सरकारी और निजी क्षेत्रों में रोजगार के पर्याप्त अवसर प्रदान करके मुख्यधारा में लाना है। युवाओं को सही रास्ते पर लाने के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि सभी रिक्त पदों के लिए विज्ञापन जारी करेंगे और उन्हें निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती के लिए जम्मू-कश्मीर में भर्ती एजेंसियों को भेजेंगे। पार्टी जम्मू-कश्मीर के लोगों के अधिकारों को सांविधानिक सुरक्षा प्रदान करना चाहती है। जब कोई अन्य राजनीतिक दल लोगों के लिए बोलने के लिए तैयार नहीं था, तब लोगों की उम्मीदें अपनी पार्टी पर टिकी थीं।