श्रीनगर। अलगाववादी नेता सैयद सलीम गिलानी रविवार को पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) में शामिल हो गए। इस दौरान पार्टी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने कहा कि पीडीपी ही वह पार्टी है जो कश्मीर मुद्दे और जेलों में बंद लोगों के बारे में बात करती है। गिलानी का पार्टी में स्वागत करते हुए महबूबा ने कहा कि वह चाहती थीं कि गिलानी चुनाव लड़ें, लेकिन उन्होंने किसी और को मौका देने के लिए कहा है।
गिलानी ने पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती की मौजूदगी में मीडिया से बातचीत में कहा कि मुझे पीडीपी के अलावा अपने लिए कोई बेहतर मंच नहीं दिख रहा था। मैं हमेशा दिवंगत मुफ्ती मोहम्मद सईद के दृष्टिकोण से प्रेरित रहा हूं। वे हमेशा कश्मीर मुद्दे के समाधान और जेलों में बंद लोगों की रिहाई के बारे में बात करते थे। उन्होंने कहा कि जब वह हुर्रियत का हिस्सा थे, तो उन्हें गर्व था और अब जब वह पीडीपी का हिस्सा हैं, तो उन्हें और भी गर्व महसूस होता है।
गिलानी ने कहा कि चुनाव लड़ने के लिए जनादेश प्राप्त करना उनका उद्देश्य नहीं है। मैं पीडीपी के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाउंगा, क्योंकि मैं इसी विचारधारा में फिट बैठता हूं। गिलानी कई दशकों तक मीरवाइड उमर फारूक के नेतृत्व वाली हुर्रियत (एम) का हिस्सा रहे हैं।