अनंतनाग। सुरक्षित और घटना-मुक्त विधानसभा चुनाव सुनिश्चित करने के प्रयासों के तहत डीआईजी एसकेआर जाविद इकबाल मट्टू ने जिला अनंतनाग में सुरक्षा व्यवस्था और चुनाव तैयारियों की व्यापक समीक्षा की।
डीपीओ कॉन्फ्रेंस हॉल अनंतनाग में आयोजित एक उच्च स्तरीय बैठक में डीआईजी एसकेआर ने एक मजबूत सुरक्षा योजना, आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन करने को कहा। साथ ही ओवर ग्राउंड वर्कर्स (ओजीडब्ल्यू) और राष्ट्र-विरोधी तत्वों (एएनई) से खतरों का मुकाबला करने के लिए सक्रिय उपायों के महत्व को रेखांकित किया।
एसएसपी अनंतनाग डॉ. जीवी संदीप चक्रवर्ती ने विस्तृत सुरक्षा और चुनाव तैयारी योजना प्रस्तुत की। इसमें उम्मीदवारों की सुरक्षा, स्ट्रांग रूम, परिवहन रसद, तैनाती और संचार नेटवर्क के उपायों की रूपरेखा बताई गई, ताकि चुनाव में किसी भी तरह की घटना न हो। डीआईजी एसकेआर ने सभी अधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया और किसी भी संभावित व्यवधान को रोकने के लिए एक मजबूत सुरक्षा ग्रिड की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने जमीनी स्तर पर चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ निर्बाध समन्वय का आह्वान किया। बैठक में प्रथम सेक्टर आरआर के कमांडर, द्वितीय सेक्टर आरआर के कमांडर, सीआरपीएफ, बीएसएफ, आईटीबीपी के डीआईजी, सेना और सीएपीएफ के सीओ, एसपी मुख्यालय अनंतनाग, एडिशनल एसपी अनंतनाग, एसपी ओपीएस अनंतनाग और अन्य प्रमुख अधिकारी मौजूद थे।