लेह। ब्रिगेडियर दीपक सज्जनहार ग्रुप कमांडर एनसीसी श्रीनगर ने लेफ्टिनेंट जनरल हितेश भल्ला, फायर एंड फ्यूरी कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी) से मुलाकात की। बैठक में लद्दाख के युवाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से चल रही एनसीसी गतिविधियों और भविष्य की पहलों पर विचार-विमर्श किया गया। ग्रुप कमांडर ने कहा, फायर एंड फ्यूरी कोर ने लद्दाख में एनसीसी के विकास और प्रसार में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
इस दौरान ग्रुप कमांडर ने एनसीसी जम्मू-कश्मीर लद्दाख निदेशालय की ओर से एनसीसी को प्रदान किए गए समर्थन के लिए जीओसी का आभार जताया। यह समर्थन विभिन्न एनसीसी शिविरों और पहलों के सफल संचालन में सहायक रहा है।
उन्होंने कारगिल में पहली बार आयोजित वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (एटीसी), कारू में तीन सफल एटीसी, वाइब्रेंट विलेज कैंप (प्रधानमंत्री की पहल) के लिए सहायता की विशेष रूप से सराहना की। इसके तहत एनसीसी कैडेटों ने न्योमा, हानले, करजोक और फुगा घाटी जैसे सीमावर्ती गांवों का दौरा किया और माउंट कांग यात्से के लिए एनसीसी अभियान चलाया।
उन्होंने कहा कि फायर एंड फ्यूरी कोर ने नो योर आर्मी मेला जैसे विशेष कार्यक्रमों और कई सामुदायिक विकास गतिविधियों में एनसीसी कैडेटों को शामिल करके लद्दाख में एनसीसी के विकास और प्रसार में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इनमें कारगिल विजय दिवस, रजत जयंती से पहले विभिन्न बाइक रैलियों को झंडी दिखाने जैसे कार्यक्रम शामिल हैं।