बिश्नाह। बिश्नाह के लोअर कन्हाल गांव में दो अज्ञात चोरों ने एक कार एसेसरी की दुकान से 50 हजार रुपये चुरा लिए। मंगलवार रात लगभग एक बजे चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। दुकान के मालिक अमन मल्होत्रा ने वारदात की जानकारी देते हुए बताया कि दो चोर मुंह पर कपड़ा बांधे हुए रात लगभग एक बजे दुकान का शटर तोड़कर अंदर दाखिल हुए। चोरों ने दुकान के अंदर रखा लगभग पचास हजार का कीमती सामान चोरी कर लिया। चोरी की वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कमरे में कैद हो गई। पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए चोरों द्वारा सीसीटीवी तोड़ने की कोशिश भी की गई। अमन मल्होत्रा ने बताया कि बिश्नाह पुलिस को वारदात की जानकारी दी गई। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वारदात के संबंध में सबूत जुटाए। पुलिस ने चोरी के संबंध में मामला दर्ज करके चोरों की तलाश शुरू कर दी है।