सांबा। जिले के सीमावर्ती कस्बा राजपुरा में चार वर्ष बाद भी केंद्रीय विद्यालय नहीं खुला है। पूर्व बीडीसी अध्यक्ष राधा कृष्ण, पूर्व सरपंच भारत इंदु शर्मा, व्यापार मंडल प्रधान संजय शर्मा ने कहा कि चार वर्ष पूर्व उन्होंने मांग की थी। उन्होंने कहा कि सांबा में एक केंद्रीय विद्यालय है जो बीस किलोमीटर दूर है। ऐसे में बच्चों को आने जाने में परेशानी होती है। उन्होंने बेक टू विलेज कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्रियों के समक्ष भी मांग रखी थी। उन्होंने भरोसा दिलाया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने केंद्रीय मंत्री डॉ. जतिंद्र सिंह से भी बात की थी। उन्होंने भी भरोसा दिया था कि राजपुरा में केंद्रीय विद्यालय खोला जाएगा। बाद में एसडीएम रमकेश शर्मा ने मदून पंचायत में 31 कनाल भूमि को चिन्हित किया था। केंद्रीय विद्यालय के निदेशक ने भी दौरा किया था व भूमि को देखा था। अब चार साल बीत जाने के बाद भी केंद्रीय विद्यालय खोलने पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने फिर मांग की कि राजपुरा में केंद्रीय विद्यालय खोला जाए।