अरनिया। अरनिया प्राइमरी हेल्थ सेंटर में स्वास्थ्य विभाग की तरफ से शनिवार को एंबुलेंस ड्राइवर की तैनाती कर दी गई है। इसके चलते क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सुविधा में राहत प्रदान हुई है। एंबुलेंस ड्राइवर ने शनिवार को अरनिया अस्पताल पहुंचकर हाजिरी दर्ज करवाई। उसके बाद अस्पताल परिसर में खड़ी दोनों एंबुलेंस का निरीक्षण भी किया है।
अरनिया अस्पताल में 102 नंबर दो एंबुलेंस गाड़ियां बिना ड्राइवर की तैनाती के कबाड़ हो रही थीं। इसके चलते मरीजों को एंबुलेंस की सुविधा नहीं मिल पा रही थी। अस्पताल में सिर्फ 108 नंबर एक एंबुलेंस सेवा दे रही थी। आपातकालीन की अवस्था में एंबुलेंस को आरएस पुरा और बिश्नाह अस्पताल से मंगवाया जाता था। जिसे पहुंचने में आधे घंटे से ज्यादा का समय लग जाता था। इसके चलते मरीज की जान पर बन आती थी। समय की बर्बादी न होने को लेकर ज्यादातर मरीज के परिजन प्राइवेट टैक्सी से मरीज को जीएमसी जम्मू ले जाते थे। इसके चलते उन्हें 2500 रुपये तक का किराया खर्च करना पड़ रहा था।
वहीं दूसरी ओर लोगों में एंबुलेंस ड्राइवर की तैनाती को लेकर निरंतर परेशानी बनी हुई थी। अमर उजाला ने भी इस मुद्दे को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसमें बीएमओ को ड्राइवर की तैनाती न होने को लेकर जवाब तलब किया गया था। इसके चलते शनिवार को अरनिया अस्पताल में एंबुलेंस ड्राइवर की तैनाती कर दी गई।