राजोरी। शहर में जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। गाजे-बाजे के साथ झांकियां निकाली गईं। सनातन धर्म सभा मंदिर और जवाहर नगर स्थित शिव मंदिर से निकाली गई भव्य झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। श्रद्धालुओं ने जगह-जगह झांकियों का पुष्प वर्षा से स्वागत किया। राजोरी मुख्य बाजार की झांकी बाजार से निकलकर सिटी चौक से होते हुए ओल्ड बस अड्डे तक गई। बस अड्डे से वापस उसी रास्ते से होते हुए सनातन धर सभा मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। जवाहर नगर की झांकी पांजा चौक से लेकर बाजार से होते हुए पीपल के पेड़ तक पहुंची और वहां से वापस मंदिर में संपन्न हुई। यहां श्रद्धालुओं के लिए भंडारे और प्रसाद की व्यवस्था की गई थी। वहीं, शहर के विभिन्न मंदिरों मे भी दिनभर लोगों का तांता लगा रहा। इसी प्रकार राजोरी के बुद्धल, कोटरंका, कालाकोट, धर्मसाल आदि क्षेत्रों मे भी झांकियां निकाली गईं। इस दौरान सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए थे।