ज्यौडियां। बॉर्डर एक्शन कमेटी खौड़ ने वीरवार को सामुदायिक भवन चक मलाल में बैठक की। कमेटी के अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह की देखरेख में की गई बैठक में किसानों और सीमावर्ती गावों के लोगों के हकों की बात की गई। देवेंद्र सिंह ने कहा कि जिन लोगों की जमीन पिछले कई वर्षों से सेना, पीएचई, सिंचाई बाढ़ नियंत्रण, स्कूल आदि जैसे विभिन्न विभागों द्वारा अधिग्रहित की गई है उनको मुआवजा दिया जाए या फिर उनके घर के किसी एक सदस्य को सरकार स्थाई तौर पर सरकारी नौकरी दे। जो गांव एलओसी से पांच किलोमीटर की पट्टी के अधीन है, उनको एसटी का आरक्षण भी दिया जाए। किसानों को सीमा पर फैंसिग के पीछे की जमीन पर खेती करने की अनुमति दी जाए तहसील कार्यालय खौड़ के परिसर में मिनी सचिवालय का निर्माण किया जाए, ताकि खौड़ क्षेत्र के किसानों को किसी भी तरह से किसी भी परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। इस मौके पर रविन्द्र सिंह, कुलबीर सिंह रवि कुमार, चैन लाल सहित कई लोग उपस्थित रहे।