पुंछ। हवेली विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में वीरवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। क्षेत्रीय विधायक एजाज अहमद जान ने जिला पूंजीगत व्यय योजना के तहत मंडी तहसील के गांव अढाई में सम्पर्क सड़क के निर्माण की आधारशिला रखी। यह सड़क स्थानीय लोगों की लंबे समय से मांग थी और इसके निर्माण से संपर्क में काफी सुधार होगा। परिवहन सुगम होने और विशेष रूप से आपात स्थितियों और खराब मौसम के दौरान क्षेत्र के निवासियों को लाभ मिलेगा। इस अवसर पर जान ने हवेली पंचायत, मलका पंचायत और पीरा पंचायत में स्थित चार सरकारी माध्यमिक विद्यालयों के लिए ग्राउंड शेड के निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत करने की भी घोषणा की। इसमें विधायक ने प्रत्येक विद्यालय के लिए विधानसभा विकास निधि से 32 लाख रुपये देने की भी घोषणा की।