आरएस पुरा क्राइम ब्रांच जम्मू की क्राइम ब्रांच जम्मू की टीम ठगी मामले को लेकर तलाशी करते हुए
जम्मू/आरएस पुरा । विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये ठगने के मामले में स्पेशल क्राइम विंग (एनसीडब्ल्यू) क्राइम ब्रांच जम्मू ने बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार को क्राइम ब्रांच की एक टीम ने अदालत से सर्च वारंट हासिल करने के बाद आरएस पुरा में मुख्य आरोपी के घर पर छापा मारा। एनसीडब्ल्यू से मिली जानकारी के अनुसार यह छापा आरएस पुरा के पुराना पिंड निवासी मुख्य आरोपी कार्तिक चौधरी के घर पर की। इस दौरान कार्यकारी मजिस्ट्रेट और स्थानीय पुलिस मौजूद रही। आरोपी पर आरोप है कि उसने आरएस पुरा तहसील के कई लोगों को वर्क वीजा पर विदेश भेजने का झूठा वादा कर पैसे ऐंठे हैं। शुरुआती जांच में ठगी की रकम कम आंकी गई थी लेकिन जैसे-जैसे नए पीड़ित सामने आते गए तो राशि अब लगभग 90 लाख रुपये तक पहुंच गई है। इस संबंध में क्राइम ब्रांच ने आईपीसी की धारा 420 (धोखाधड़ी) और 120-बी आपराधिक साजिश के तहत एफआईआर नंबर 10/2025) दर्ज की है। यह कार्रवाई एसएसपी एनसीडब्ल्यू) संजय परिहार के निर्देश और इंस्पेक्टर काली चरण के नेतृत्व में की गई। ब्यूरो