जम्मू-पुंछ हाईवे पर सुरक्षा बलों के वाहनों को उड़ाकर भारी नुकसान पहुंचाने की आतंकियों की साजिश को सुरक्षा बलों ने रविवार को नाकाम कर दिया। हाईवे पर नारियां गांव के समीप एक पुलिया के किनारे लगभग तीन किलो वजन की इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) छिपाकर रखी गई थी। सेना की रोड ओपनिंग पार्टी ने सुबह पौने पांच बजे आईईडी का पता लगाया। इसके बाद हाईवे पर यातायात रोक दिया गया।
जम्मू में सैन्य प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल सुनील बर्थवाल ने बताया कि सुबह 4.45 बजे सेना की रोड ओपनिंग पार्टी ने नारियां गांव के पास एक पुलिया के नीचे टिफिन पड़ा देखा। इस पर तत्काल सड़क के दोनों ओर नाके लगाकर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई। पुलिस को भी सूचना देकर उसे भी जांच अभियान में शामिल किया गया।
तत्काल बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया गया, जिसने जांच के बाद पाया कि यह एक शक्तिशाली आईईडी थी जो टिफिन में फिट की गई थी। दस्ते ने इसे सुबह 8.15 बजे नियंत्रित विस्फोट कर नष्ट कर दिया गया। इसके बाद वाहनों को छोड़ा गया। इस बीच राष्ट्रीय राइफल्स के कमांडिंग ऑफिसर रामकृष्ण और एसएसपी राजोरी अमृतपाल सिंह ने जनता से अपील की है कि वे सतर्क रहें। अगर उन्हें आसपास कोई संदिग्ध वस्तु और व्यक्ति दिखाई दे तो तुरंत पुलिस व सेना को सूचित करें।
पाकिस्तान इलाके में लगातार कर रहा साजिशें
सूत्रों का कहना है कि लगातार पाकिस्तान के इशारे पर शांत रहे राजोरी-पुंछ क्षेत्र को अशांत करने के लिए आतंकी साजिशें की जा रही हैं। घुसपैठ के साथ ही इलाके में सक्रिय आतंकी गिरोहों की ओर से लगातार इलाके में की जा रही साजिशों को नाकाम बनाया जा रहा है। पाकिस्तान इन दिनों सीमावर्ती जिले राजोरी व पुंछ को अशांत करने में जुटा हुआ है।