बाड़ी ब्राह्मणा। आरएस पुरा में ड्रोन से हथियार गिराने के मामले में मंगलवार को आरएस पुरा पुलिस ने एसपी मुख्यालय रमनीष गुप्ता की अगुवाई में बीरपुर क्षेत्र में आरोपी चंद्र बोस के घर की तलाशी ली गई। उनके साथ आरएस पुरा थाना प्रभारी पवन डोगरा भी मौजूद रहे। इस दौरान पुलिस को चंद्र बोस के घर में पतंग उड़ाने के लिए गट्टू डोर से भी मजबूत 100 मीटर के करीब धागा मिला। यह वही दागा बताया जा रहा है जिसे ड्रोन द्वारा हथियार गिराने में इस्तेमाल किया गया हो सकता है।
यह बहुत ही मजबूत धागा है जो आसानी से नहीं टूट सकता था। यह धागा प्लास्टिक की तरह प्रतीत हो रहा है। दूसरी ओर जिस कवर में ड्रोन से हथियार गिराए गए वह भी चंद्र बोस के घर से बरामद कर लिया गया है। थर्मोकोल जैसा कवर ड्रोन द्वारा फेंके गए हथियारों के ऊपर चढ़ाया गया था। पुलिस चंद्र बोस को साथ लेकर गई थी। हालांकि चंद्र बोस द्वारा पुलिस को सारी बातें बता दी गई हैं, जिससे यह साफ हो गया है कि ड्रोन से जो भी हथियार गिराए गए वह चंद्र बोस और दूसरे आरोपी द्वारा आरएस पुरा से उठाकर बाड़ी ब्राह्मणा लाए गए। वहां से आगे आपूर्ति करने के दौरान उनको पुलिस ने पकड़ लिया।
आरोपी चंद्र बोस और उसकी पत्नी बच्चों के साथ फैक्टरी के क्वार्टर में ही रहते थे। पांच साल से दोनों फैक्टरी में काम कर रहे थे। हालांकि चंद्र बोस ने एक साल पहले ही फैक्टरी में काम करना बंद कर दिया। उसके बाद सब्जी मंडी में काम करने लगा। उसकी पत्नी ने भी फैक्टरी से काम छोड़ दिया और बच्चों के साथ डोडा चली गई।