बाड़ी ब्राह्मणा। कस्बे के किकरी मोड़ क्षेत्र में पुलिस नाके की सफाई के दौरान मोर्टार शेल मिलने से हड़कंप मच गया। सेना ने इसे कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार किकरी मोड़ क्षेत्र में पुलिस ने नशा तस्करों की धरपकड़ के लिए नाका लगाया है। बुधवार को नाके की सफाई के दौरान पुलिसकर्मियों को जमीन में दबा मोर्टार शेल मिला। इससे वहां दहशत का माहौल बन गया। यह क्षेत्र पहले ही काफी संवेदनशील है। नाके पर तैनात हवलदार ने इसकी सूचना आला अधिकारियों दी। थाना प्रभारी ने घटनास्थल पर पहुंचकर सेना को इसके बारे में अवगत करवाया। सेना के अधिकारियों ने बंब और डॉग स्क्वॉर्ड टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। देर शाम तक वहां से मोर्टार शैल को शिफ्ट कर दिया गया। यह आर्टिलरी का बताया जा रहा है, जिसका वजन लगभग 40 से 45 किलोग्राम है और जंग लगा हुआ है।