विजयपुर। ग्यारह वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म मामले में क्राइम ब्रांच ने विजयपुर थाने में तैनात अधिकारियों की लापरवाही उजागर होने पर डीएसपी का स्थानांतरण किया है। वहीं एसएचओ को सस्पेंड किया गया है। एसएचओ के साथ कई अन्य अफसरों पर भी सस्पेंड की कार्रवाई की गई है। बताया जा रहा है कि जब दुष्कर्म का मामला विजयपुर थाने पहुंचा तो वहां पर तैनात पुलिस अधिकारियों ने मामले को दबाने की कोशिश की। उसके बाद मामला क्राइम ब्रांच पहुंचा। क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने पूरी जांच की तो कुछ लोग दोषी पाए गए। जिसके चलते डीएसपी का स्थानांतरण किया गया और थाना प्रभारी को सस्पेंड किया गया है। उनके साथ जो अधिकारी मिलीभगत में शामिल थे, उनपर भी कार्रवाई की गई है। एसएसपी सांबा अभिषेक ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है और जो भी अधिकारी दोषी पाया गया, उनके खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।