दोमाना। उपायुक्त सचिन कुमार वैश्य ने ब्लॉक मढ़ के यात्री निवास कल्याणपुर झिड़ी में ब्लॉक दिवस की अध्यक्षता की। इस कार्यक्रम में डीडीसी अध्यक्ष जम्मू भारत भूषण और डीडीसी उपाध्यक्ष सूरज सिंह, डीडीसी बलवीर लाल, बीडीसी मढ़ सुरेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी और जन प्रतिनिधि शामिल रहे।
कार्यक्रम में लोगों ने बिजली लाइनों के रखरखाव, राशन कार्ड से संबंधित प्रावधान, गलियों और नालियों के विकास और क्षेत्र में एक खेल के मैदान की आवश्यकता सहित कई मुद्दे और शिकायतें उठाई। डीसी सचिन कुमार वैश्य ने उठाई गई सभी शिकायतों और चिंताओं पर बारीकी से ध्यान दिया। उन्होंने जनता द्वारा दिए गए सीमा सुरक्षा सुझावों पर भी विशेष ध्यान दिया।
डीसी ने महिला स्वयं सहायता समूह के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की। उनकी प्रगति और विकास के लिए पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया। डीडीसी अध्यक्ष भारत भूषण ने इस बात पर प्रकाश डाला कि जल जीवन मिशन के कार्यों का एक महत्वपूर्ण हिस्सा पूरा हो चुका है, उन्होंने शेष कार्यों को तुरंत पूरा करने का आग्रह किया। उन्होंने जेजेएम परियोजनाओं से संबंधित किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्टैंडबाय मशीनरी बनाए रखने का सुझाव दिया।
उन्होंने कुहलों और सड़क परियोजनाओं की मरम्मत की आवश्यकता को साझा किया। उनके विकास और रखरखाव के लिए जनता के अनुरोध को दोहराया। उप निदेशक रोजगार मुखलिस अली ने यूटी सरकार द्वारा प्रस्तावित विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के बारे में जागरूक किया। कार्यक्रम में सीपीओ उत्तम सिंह, एसीडी डॉ. विकास शर्मा, एसडीएम मढ़ मनु हंसा और अन्य जिला अधिकारी और जन प्रतिनिधि मौजूद रहे।