मीरां साहिब। मीरां साहिब क्षेत्र में पुलिस ने कार सवार तस्कर को 500 ग्राम हेरोइन सहित दबोचा है। क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने सूचना पर एक कार को रोका तो सवार ने बताया कि वह जालंधर (पंजाब) से आया है और आरएस पुरा जा रहा है। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो एक पैकेट में हेरोइन (चिट्टा) मिला। पुलिस ने कार सवार को मौके पर हिरासत में ले लिया।
कार चालक की पहचान लाल हुसैन निवासी जालंधर के रूप में हुई गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना मीरां साहिब में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/21/22 के तहत केस दर्ज कर किया है। आरएस पुरा पुलिस के एसडीपीओ निखिल ने बताया कि पुलिस लाल हुसैन से पूछताछ कर रही है ताकि पता लगाया जा सके कि स्थानीय स्तर पर कौन-कौन लोग उसके ग्राहक हैं। उन्होंने कहा कि नशा तस्करी और मादक द्रव्यों के सेवन के खिलाफ पुलिस अपने अभियान को जारी रखेगी।
जम्मू पुलिस क्षेत्र में नशे के तौर पर प्रयोग की जाने वाली दवाओं की आपूर्ति की शृंखला को तोड़ने के लिए गहनता से काम कर रही है और नशे की आपूर्ति करने वालों का पता लगाने के लिए आरोपियों से पूछताछ कर रही है। क्षेत्र के लोगों से अनुरोध हैं कि वे आगे आएं और इस उद्देश्य के लिए पुलिस का साथ दें। लोग 100 नंबर डायल कर क्षेत्र में बिकने वाले नशे के बारे में जानकारी दे सकते हैं। जानकारी देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।