जम्मू। जम्मू विश्वविद्यालय में महिला केंद्रित योजनाओं को लेकर जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें महिलाओं के सशक्तीकरण और उनकी वित्तीय स्वतंत्रता को बढ़ावा देने पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यशाला में विशेषज्ञ खुशबू काप्टे ने संसाधन व्यक्ति के रूप में भाग लिया। जिन्होंने महिलाओं के उत्थान के लिए बनाई गई विभिन्न सरकारी योजनाओं पर एक व्यावहारिक व्याख्यान दिया। मिशन शक्ति की जिला मिशन समन्वयक शगुन मनचंदा ने महिलाओं के जीवन को बेहतर बनाने में इन योजनाओं के महत्व पर जोर दिया। यहां पर प्रमुख योजनाओं में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (पीएमएमवीवाई), राज्य विवाह सहायता योजना (एसएमएएस), जननी सुरक्षा योजना (जेएसवाई) और पेंशन योजनाएं पर चर्चा हुई। महिला अध्ययन केंद्र की निदेशक प्रोफेसर सविता नैयर के साथ-साथ संकाय सदस्य डा. सरनजीत कौर और कुंजांग एंगमो भी मौजूद रहीं।