जम्मू। जम्मू-कश्मीर में मंगलवार को विधानसभा चुनाव के नतीजों की गर्मी के बीच प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार 9 अक्तूबर को भी मौसम में बदलाव के साथ कुछ इलाकों में बारिश के आसार हैं। मौसम में बदलाव के साथ तापमान में भी उतार चढ़ाव आएगा। जम्मू समेत अधिकांश जिलों में रात के तापमान में गिरावट आई है।
सोमवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहा। अब दिन में भी गर्मी का अधिक अहसास नहीं हो रहा है। जम्मू में दिन का अधिकतम तापमान 32.1 और न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी तरह बनिहाल में अधिकतम तापमान 28.6, बटोत में 24.9, कटड़ा में 31.8, भद्रवाह में 27.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्रीनगर में दिन का पारा 26.7, पहलगाम में 24.0 और गुलमर्ग में 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लेह में अधिकतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस रहा।