जम्मू। जम्मू-कश्मीर से दक्षिण पश्चिम मानसून ने अलविदा कह दिया है। इस बार मानसून सामान्य (15 सितंबर) से 15 दिन अधिक सक्रिय रहा, लेकिन प्रदेश के बीस जिलों में से 17 में सामान्य से कम बारिश हुई है। बारामुला, जम्मू और सांबा में ही सामान्य से कुछ अधिक बारिश दर्ज की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार जम्मू-कश्मीर में जून-सितंबर के दौरान सीजन की वर्षा अवधि में सामान्य (औसतन) 550.4 मिमी. की तुलना में 363.1 (औसतन 66 प्रतिशत) बारिश हुई, जिसमें माइनस 34 प्रतिशत की कमी रही।
विभाग के अनुसार अगस्त 2024 के माह में सामान्य से माइनस 13 प्रतिशत कम बारिश हुई है, जबकि जून, जुलाई और सितंबर में क्रमश माइनस 49, माइनस 42 और माइनस 48 प्रतिशत कम बारिश हुई। बारामुला में सामान्य 216.1 मिलीमीटर बारिश की तुलना में 1.2 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 218.8 मिमी., जम्मू में सामान्य 936.1 मिमी. बारिश की तुलना में 0.5 प्रतिशत की वृद्धि से 940.4 और सांबा में सामान्य 807.9 मिमी. की तुलना में 12.8 की बढ़ोतरी के साथ 911.5 मिमी. बारिश हुई है।
वर्ष 2023 में जम्मू-कश्मीर में मानसून समय पर पहुंचा था। इससे पहले 2022 में 30 जून और 2021 में सामान्य से 17 दिन पहले मानसून जम्मू-कश्मीर पहुंच गया था। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के निदेशक डाॅ. मुख्तियार अहमद के अनुसार औसतन प्रदेश के 17 जिलों में कम बारिश हुई है, लेकिन लगभग बारिश हो गई है। खासतौर पर कृषि संबंधी क्षेत्रों पर अधिक प्रभाव नहीं दिखेगा।
-
-
इन जिलों में हुई कम बारिश
जिला सामान्य वास्तविक गिरावट
उधमपुर 1011 822.6 माइनस 18.6
पुलवामा 192.1 167.3 माइनस 12.9
राजोरी 716.5 587.2 माइनस 18.0
अनंतनाग 321 148.9 माइनस 53.6
बडगाम 217.7 112.9 माइनस 48.1
बांदीपोरा 212 91.2 माइनस 57.0
डोडा 432.1 264 माइनस 38.9
गांदरबल 285 173.3 माइनस 39.2
कठुआ 1275.8 876.4 माइनस 31.3
कुपवाड़ा 251.5 185.9 माइनस 26.1
रामबन 420.4 251.9 माइनस 40.1
रियासी 1556.4 807.4 माइनस 48.1
श्रीनगर 238.7 166.5 माइनस 30.2
शोपियां 282.9 55.7 माइनस 80.3
पुंछ 686.1 161.3 माइनस 76.5
कुलगाम 333.3 126.9 माइनस 61.9
किश्तवाड़ 432.1 154.5 माइनस 64.2
-
लेह में 17.3 और कारगिल में 7.7 प्रतिशत अधिक वृद्धि
मानसून के दौरान लेह में सामान्य से 17.3 और कारगिल में 7.7 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। आंकड़ों के मुताबिक लेह में सामान्य 26 मिमी. की तुलना में 30.5 और कारगिल में सामान्य 10.4 मिमी. की तुलना में 11.2 मिमी. बारिश हुई है।