जम्मू। जम्मू-कश्मीर में धर्मनिरपेक्ष सरकार बनेगी। भाजपा को सत्ता से बाहर रखने के लिए पीडीपी किसी भी धर्मनिरपेक्ष सरकार को अपना समर्थन देगी। ये बात पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने जम्मू पूर्व सीट से पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में आयोजित एक रोड शो के दौरान कही। उन्होंने कहा कि पहले और दूसरे चरण के मतदान के बाद ये साफ हो गया है जम्मू-कश्मीर में धर्मनिरपेक्ष सरकार बनेगी और वह बिना पीडीपी के नहीं बन सकती।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने संसद से कश्मीर में राजनीति चलाई। भाजपा कश्मीर में जिन लोगों को जीतने में मदद कर रही, उन्हें न सिर्फ पैसा बल्कि प्रशासन का सहयोग मिल रहा है। ऐसे लोगों की रैली में आजादी के नारे लगते हैं, लेकिन कुछ नहीं किया जा रहा है। कश्मीर के हजारों लोग जेलों में हैं, लेकिन भाजपा सिर्फ उन लोगों को बाहर निकाल रही है, जिनसे उसे उम्मीद है व चुनाव जीतकर उनकी सरकार बनने में मदद करेंगे।
विधानसभा चुनाव के बीच पहली बार महबूबा मुफ्ती दो दिवसीय दौरे पर जम्मू पहुंची थी। उन्होंने सांबा और आरएस पुरा में जनसभाओं को संबोधित किया। शाम को पुराने शहर में एक रोड शो किया। उन्होंने जम्मू के लोगों से जम्मू पूर्व से पार्टी प्रत्याशी आदित्य गुप्ता का समर्थन करने को कहा।
रोड शो परेड से शुरू हुआ जो विभिन्न बाजारों से होता हुआ रघुनाथ बाजार पहुंचा। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग और पार्टी कार्यकर्ता इसमें शामिल हुए। महबूबा ने लोगों से भाजपा की विचारधारा के खिलाफ मतदान करने का आह्वान किया। इससे पहले आरएस पुरा में आयोजित एक जनसभा में महबूबा मुफ्ती ने कहा कि भाजपा हिंदू-मुस्लिम को बांट रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासन में जम्मू-कश्मीर में सभी अधिकारी अन्य राज्यों से हैं। जम्मू-कश्मीर बिजली बनाता है, वे पूरे देश को देते हैं। हमें बिजली महंगे दाम पर मिल रही है। स्मार्ट मीटर लगने से बिजली के बिल आसमान छू रहे हैं।
रोड शो के दौरान तारों में लगी आग
पुराने शहर में महबूबा मुफ्ती के रोड शो के दौरान पुरानी मंडी में बिजली की तारों में आग लग गई। हालांकि इसमें किसी तरह का कोई जानी नुकसान तो नहीं हुआ, लेकिन कुछ समय के लिए रोड शो रोकना पड़ा।