जम्मू। जम्मू की बेटी मेघा चौहान भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनी हैं। चेन्नई स्थित ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी में सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा करने के बाद सात सितंबर को मेघा ने पासिंग आउट परेड में हिस्सा लिया। मेघा आर्टिलरी रजिमेंट में कमीशंड अधिकारी के रूप में नियुक्त हुई हैं।
मेघा जम्मू जिले के मीरां साहिब की रहने वाली है। उनके पिता जम्मू-कश्मीर पुलिस विभाग में सब इंस्पेक्टर के पद से 2020 में सेवानिवृत्त हुए हैं। मेघा ने स्कूली पढ़ाई आर्मी पब्लिक स्कूल जम्मू कैंट से पूरी की, जबकि उच्च शिक्षा दिल्ली विश्वविद्यालय से हासिल की। मेघा ने कहा कि सेना के प्रति लगाव बचपन से ही था। आर्मी पब्लिक स्कूल जम्मू कैंट में पढ़ाई के दौरान सेना को करीब से जानने का मौका मिला। उससे और ज्यादा प्रभावित हुईं और अपने लक्ष्य के लिए मेहनत शुरू की। सेना में अधिकारी बनने का सपना कई चुनौतियों से भरा था। एक-एक करके उन चुनौतियों से पार पाया। इस सफर में परिवार और शिक्षकों का सबसे ज्यादा सहयोग रहा है। 2023 में सम्मिलित रक्षा सेवा परीक्षा (सीडीएस) पास की। इसके बाद फिर साक्षात्कार में सफलता हासिल की। साक्षात्कार में सफलता के बाद 11 महीनों का प्रशिक्षण लिया। सात सितंबर को उसका फल मिला। उन्हाेंने कहा कि यह सफर काफी चुनौती पूर्ण रहा। हर स्तर पर चुनौतियां थीं, जिन्हें पार करके आगे बढ़ने के लिए खुद को प्रेरणा देती रही।