जम्मू। पहले चरण के चुनाव के मद्देनजर चिनाब वैली के डोडा व किश्तवाड़ में सुरक्षा व्यवस्था की शनिवार को सेना ने समीक्षा की। इस दौरान इलाके में चल रहे कैलाश कुंड यात्रा की सुरक्षा स्थिति का भी जायजा लिया। डोडा व आसपास के इलाकों में हाल की आतंकी घटनाओं के मद्देनजर सेना की ओर से विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
16वीं कोर व्हाइट नाइट कोर के सैन्य कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल नवीन सचदेवा ने डोडा व किश्तवाड़ में सुरक्षा हालात के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने और डेल्टा फोर्स के जीओसी ने डोडा-किश्तवाड़ के सुईगढ़ व पटनाजी सेक्टर में की गई तैयारियों व सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान उन्हें आतंकवाद निरोधक अभियान के तहत की गई तैयारियों के बारे में बताया गया।
उन्होंने उधमपुर के डूडू बसंतगढ़ से शुरू हुई वार्षिक कैलाश कुंड यात्रा के बारे में भी जानकारी ली। हाल की आतंकी घटनाओं के मद्देनजर इन इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। यात्रा के रास्ते में ऊंचे पहाड़ी इलाकों में अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है ताकि यात्रियों की सुरक्षा से किसी प्रकार का खिलवाड़ न हो सके। डूडू बसंतगढ़ से शुक्रवार को शुरू हुई यात्रा सियोजधार में रात्रि विश्राम के बाद शनिवार की सुबह डोडा के कैलाश कुंड के लिए निकल गई। ज्ञात हो कि पहले चरण में चिनाब वैली में आठ सीटों पर मतदान हो रहा है। इसमें डोडा-किश्तवाड़ की छह व रामबन की दो सीटें शामिल हैं।