सड़क हादसे में मृतक संजीव वर्मा की फाइनल फोटो
जम्मू। चट्ठा इलाके में मंगलवार देर रात इनोवा चालक ने स्कूटी स्वार को टक्कर मार दी और फरार हो गया। हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान संजीव वर्मा (35) निवासी चट्टा पिंड के रूप में हुई है। आरोपी इनोवा चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हादसा मंगलवार रात 11 बजे का बताया जा रहा है। चट्टा इलाके में स्कूटी सवार संजीव अपने काम से कहीं जा रहा था। इस बीच सामने से आ रहे इनोवा चालक ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में संजीव गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस की मदद से उसे उपचार के लिए जीएमसी जम्मू लाया गया। जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद चट्टा पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बुधवार को पुलिस टीम ने इस संबंध में डिग्याना निवासी अमनीश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। उसकी इनोवा गाड़ी भी जब्त कर ली। अमनीश कुमार चालक का काम करता है। पुलिस के अनुसार टक्कर आमने-सामने हुई थी। इसके चलते स्कूटी सवार को गंभीर चोटें पहुंची थीं। मृतक संजीव वर्मा निजी कंपनी में काम करता था। जवान बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। चट्टा पुलिस चौकी के प्रभारी हरजिंदर सिंह ने कहा कि आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।