किसानों के लिए पशुओं के वैज्ञानिक प्रबंधन पर आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान स्कॉस्ट के विश
जम्मू। डेयरी फार्मिंग से जुड़े किसानों को पशुओं के वैज्ञानिक प्रबंधन पर प्रशिक्षण दिया गया। सोमवार को कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (स्कॉस्ट) जम्मू के कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) ने सुचेतगढ़ ब्लॉक के बड़याल काजिन गांव में प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया। इसमें लोगों को डेयरी फार्म प्रबंधन, डेयरी शेड की रूपरेखा, साइलॉज बनाने, पशुओं को होने वाली बीमारियों, उनकी रोकथाम और उपचार के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया। पशु पोषण विभाग (स्कॉस्ट) के सहायक प्रो. इमरान अहमद गनई ने प्रतिभागियों को कृषि लाभ के लिए वैज्ञानिक डेयरी फार्मिंग अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक डेयरी फार्मिंग ग्रामीण महिलाओं की सामाजिक-आर्थिक स्थिति में सकारात्मक बदलाव ला सकती है। कार्यक्रम का उद्देश्य डेयरी पशुओं में टीकाकरण, चारा प्रबंधन और संतुलित आहार के प्रति जागरूक करना था, ताकि डेयरी फार्मिंग लोगों के लिए लाभदायक उद्यम बन सके। किसानों ने इस जागरूकता कार्यक्रम के लिए केवीके की प्रशंसा की। कार्यक्रम का आयोजन स्काॅस्ट जम्मू के कुलपति प्रो. बीएन त्रिपाठी के नेतृत्व और निदेशक विस्तार प्रो. अमरीश वैद और स्कॉस्ट के मुख्य वैज्ञानिक व केवीके के प्रमुख डॉ. पुनीत चौधरी के मार्गदर्शन में किया गया।