जम्मू। अनुच्छेद 370 हटाने की बरसी और स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जा रही है। स्वतंत्रता दिवस समारोह स्थल एमए स्टेडियम सहित शहर के सभी प्रमुख और ऐतिहासिक स्थलों पर सुरक्षाबलों की तैनाती की जा रही है। एमए स्टेडियम में सुरक्षाबलों के लिए अस्थायी बंकर स्थापित कर दिए हैं। अगले सप्ताह से एमए स्टेडियम में नियमित आवाजाही नहीं होगी और स्टेडियम सुरक्षाबलों के घेरे में रहेगा।
सोमवार पांच अगस्त को अनुच्छेद 370 हटाने के पांच वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। इसकी पूर्व संध्या पर हमले की आशंका के चलते पूरे प्रदेश में हाई अलर्ट है। इस दिन आतंकी खलल डालने की फिराक में हैं। ऐसे में शहर में सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता किया जा रहा है। शहर के सभी प्रमुख स्थलों के साथ सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस और अन्य सुरक्षाबलों की मौजूदगी बढ़ी है। रात के समय सुरक्षाबलों द्वारा विशेष नाके लगाकर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। एमए स्टेडियम के आसपास होटल, ढाबों पर पुलिस विशेष नजर रख रही है। होटल संचालकों को हर व्यक्ति का पर्याप्त रिकॉर्ड रखने को कहा गया है। स्वतंत्रता दिवस का मुख्य कार्यक्रम एमए स्टेडियम में होगा। ऐसे में स्टेडियम में सुरक्षा बंदोबस्त से जुड़ी तैयारियां शुरू हो गई है। स्टेडियम के मुख्य प्रवेश द्वार से लेकर आयोजन स्थल तक सुरक्षाबलों के लिए अस्थायी बंकर बना दिए गए हैं। साथ ही मेटल डिटेक्टर मशीनों को लगाने की जगह भी देखी जा रही है। एसएसपी जम्मू डॉ. विनोद गुप्ता ने कहा कि सुरक्षा के सभी बंदोबस्त पुख्ता किए जा रहे हैं। अतिरिक्त नाके और नफरी को तैनात किया गया है।