जम्मू। मंदिरों का शहर वीरवार को बलिदानियों के जयघोष से गूंज उठा। मौका था कारगिल विजय दिवस के 25 वर्ष पूरे होने का। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद ने कारगिल युद्ध में पाकिस्तानी सेना पर भारतीय सेना की जीत की 25वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में भव्य कारगिल शौर्य यात्रा निकाली।
इस शौर्य यात्रा में एनसीसी, पूर्व सैनिकाें, कारगिल बलिदानियों के परिवारों, भारतीय जनता युवा मोर्चा, सनातन सभा समेत कई संगठनों के सदस्यों ने हिस्सा लिया। यात्रा के दौरान देशभक्ति के गानों पर जमकर जयघोष हुआ। बलिदानी सूबेदार बहादुर सिंह, हवलदार कुलबीर सिंह, सिपाही जनबीर सिंह, राइफलमैन अनिल मन्हास, ग्रेनेडियर उदयमान सिंह और नायक देव राज शर्मा के परिवार के सदस्य रैली में मौजूद रहे।
रैली इंदिरा चौक के पास जेडीए पार्किंग से शुरू हुई और गुम्मट, विवेकानंद चौक, रघुनाथ मंदिर चौक, रघुनाथ बाजार, भारत माता चौक, शालामार चौक से होते हुए वापस जेडीए पार्किंग में पहुंचकर संपन्न हुई। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद (जम्मू और कश्मीर) के अध्यक्ष ब्रिगेडियर बलबीर सिंह (सेवानिवृत्त) और महासचिव कर्नल सुखवीर मनकोटिया ने रैली के महत्व को उजागर किया।
कारगिल शौर्य यात्रा में शामिल लोगों ने कारगिल युद्ध लड़ने वाले वीर सैनिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी और देश को एकजुट करने वाली देशभक्ति की भावना की याद दिलाई। इस अवसर पर तीनों सेनाओं के अनेक पूर्व सैनिकों के अलावा लेफ्टिनेंट जनरल आरके शर्मा, मेजर जनरल एसके शर्मा, मेजर जनरल सुनीता कपूर और ब्रिगेडियर एसएस सैनी भी उपस्थित थे।