जम्मू विवि के विधी विभाग के छात्र, अधिकारी: स्रोत पुलिस
जम्मू। नए आपराधिक कानून पहली जुलाई से लागू होने जा रहे हैं। इस क्रम में जिला पुलिस ने जम्मू विश्वविद्यालय के विधि विभाग के सहयोग से कार्यशाला एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यशाला में प्रतिभागियों को आगामी विधायी परिवर्तनों से परिचित कराया गया।
सेवानिवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुभाष गुप्ता इस मौके पर मुख्य रूप से उपस्थित रहे। मुख्य संसाधन व्यक्ति के रूप में प्रोफेसर सवीता नायर ने मौजूदा कानूनों से लेकर नए आपराधिक कानूनों में प्रमुख संशोधनों को स्पष्ट करते हुए एक विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने महिला अधिकारों से संबंधित विशेष प्रावधानों, संगठित अपराध के खिलाफ उपायों और दुष्कर्म जैसे अपराधों पर संशोधित प्रोटोकाल की जानकारी दी। मुख्य अतिथि सुभाष गुप्ता ने नए कानूनों के प्रभावी कार्यान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए न्यायिक अधिकारियों, फोरेंसिक विशेषज्ञों और आपराधिक न्याय प्रणाली में लगे सभी कर्मियों को प्रशिक्षित करने का महत्व बताया। उन्होंने पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के लिए इन कानूनों के तहत की गई सभी जब्तियों की वीडियोग्राफी अपनाने पर जोर दिया।