जम्मू। बिजली चोरी पर अब एफआईआर दर्ज होगी और जुर्माना भी किया जाएगा। मौजूदा समय में बिजली का लोड काफी बढ़ गया है जिस कारण लंबे कट लग रहे हैं। बिजली कार्पोरेशन ने बिजली चोरी रोकने के लिए 15 अधिकारियों की टीमों का गठन किया है। ये टीमें चेकिंग करेंगी और कार्रवाई अमल में लाएंगी।
इस टीम में अधीक्षण अभियंता बिशन दास नोडल अधिकारी होंगे। इनके माध्यम से रिपोर्ट एमडी को भेजी जाएगी। निरीक्षण टीम को डेटा के विश्लेषण और सार्वजनिक इनपुट के आधार पर निरीक्षण करने और अपराधियों के खिलाफ कानून की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज करने के लिए फोटो और वीडियो ग्राफिक सबूतों के साथ पुख्ता रिपोर्ट तैयार करनी होगी। प्रवर्तन दल विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 के तहत दोषी उपभोक्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज करेगा और दोषी उपभोक्ता पर जुर्माना लगाया जा सकता है। बिजली चोरी में मीटर से छेड़छाड़, लूप कनेक्शन या किसी अन्य उपकरण का उपयोग शामिल होने पर तीन से पांच साल की कैद भी हो सकती है। जेपीडीसीएल के प्रबंध निदेशक विकास कुंडल ने जनता से बिजली चोरी से परहेज करने की अपील की है।
टीम ने की कार्रवाई, छह उपभोक्ता बिजली चोरी करते पाए
प्रवर्तन दल ने अप्सरा रोड, जानीपुर मार्केट और पक्की ढक्की क्षेत्र में उपभोक्ताओं को लक्षित करने के लिए जम्मू के पॉश इलाकों में निरीक्षण शुरू किया। एक दिन में 52 कनेक्शनों की जांच की गई। इसमें से छह उपभोक्ता बिजली चोरी करते पाए गए। निरीक्षण टीम द्वारा की गई कार्रवाई बिजली चोरी को रोकने और वित्तीय अनियमितताओं को दूर करने के लिए चल रहे प्रयासों का हिस्सा है। बिजली चोरी रोकने के लिए दिन और रात गश्त की जाएगी।