भाजपा के चुनाव वाररूम में पत्रकारों से रूबरू होते प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र रैना व अन्य वरिष्ठ नेता
जम्मू। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र रैना ने नेकां को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि उसे पाकिस्तान से बातचीत की वकालत करने के बजाय लोगों की समस्याओं पर बात करनी चाहिए। नेकां को विदेशी मामलों में दखल देना बंद करना चाहिए।
यहां रविवार को पत्रकारों से रूबरू होते हुए रैना ने कहा कि नेकां ने अपने घोषणापत्र में पाकिस्तान का समर्थन किया है। पाकिस्तान या किसी अन्य देश से बातचीत करना केंद्र सरकार का विशेषाधिकार है। नेकां बातचीत के लिए सरकार पर दबाव बनाने वाली कोई संस्था नहीं है। क्या नेकां यह गारंटी देती है कि पड़ोसी देश के साथ बातचीत के बाद जम्मू-कश्मीर में पाक प्रायोजित आतंकियों द्वारा खून-खराबा नहीं किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने जम्मू-कश्मीर में शांति सुनिश्चित की है। इस सरकार के कार्यकाल में गोरखा, वाल्मीकि समाज, गिद्दी, सिप्पी, पहाड़ी, पश्चिमी पाकिस्तान शरणार्थी (डब्ल्यूपीआर), अन्य शरणार्थी और कई अन्य वर्गों को न्याय मिला है। इस दौरान केंद्रीय मंत्री और जम्मू-कश्मीर चुनाव प्रभारी जी कृष्ण रेड्डी, केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह, सांसद जुगल किशोर शर्मा, पूर्व उपमुख्यमंत्री कवींद्र गुप्ता और डॉ. निर्मल सिंह, भाजपा मीडिया प्रभारी डॉ. प्रदीप महोत्रा मौजूद रहे।