बलिदानी लांस नायक सुभाष चंद्र को श्रद्धजलि देते सैन्य अफसर: स्रोत सोशल मीडिया
जम्मू। पुंछ के बट्टल सेक्टर में घुसपैठियों के साथ मुठभेड़ के दौरान बलिदान हुए सेना के लांस नायक सुभाष चंद्र को जम्मू के वायुसेना स्टेशन पर श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद उनका पार्थिव शरीर सैन्य सम्मान के साथ घर भेज दिया है। वे उत्तरप्रदेश के हाथरस के रहने वाले थे।
सेना की 16 कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल नवीन सचदेवा, मेजर जनरल मुकेश भनवाला, जीओसी 26 इन्फेंट्री डिवीजन, मंडलायुक्त जम्मू रमेश कुमार, एडीजीपी आनंद जैन ने बलिदानी को पुष्पांजलि अर्पित की। बता दें कि मंगलवार को सुबह 3 बजे पुंछ के बट्टल सेक्टर में आतंकियों ने घुसपैठ करने का प्रयास किया। आतंकियों से मुठभेड़ में लांस नायक बलिदान हो गए। सूत्रों ने बताया कि हथियारबंद आतंकवादियों के एक समूह ने कृष्णाघाटी के बट्टल अग्रिम क्षेत्र में घुसपैठ करने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क जवानों ने उनकी कोशिश को नाकाम कर दिया। लेफ्टिनेंट जनरल नवीन सचदेवा ने कहा कि आतंकियों की घुसपैठ का जवाब देने के लिए सेना का हर जवान तैयार है।