श्रीनगर। नेशनल कॉन्फ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने कहा कि दो चरणों में गठबंधन सहयोगियों ने भाजपा को दूर रखने में सफलता हासिल की है। बारामुला जिले के टंगमर्ग में शनिवार को प्रेसवार्ता में उमर ने कहा, भाजपा अगली सरकार बनाने के प्रयास कर रही थी, लेकिन दो चरणों में नेकां-कांग्रेस ने उनके प्रयासों को विफल कर दिया। उन्होंने कहा, दक्षिण और मध्य कश्मीर में बड़ी संख्या में लोगों ने गठबंधन उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान किया। अब तीसरे चरण में भारी मतदान की उम्मीद है, जिसमें लोग नेकां और कांग्रेस उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान करेंगे। एक सवाल के जवाब में पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी के घोषणापत्र और उम्मीदवारों को अलग नहीं किया जा सकता। नई सरकार बनाने के बारे में भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष रविंदर रैना के बयान के बारे में पूछे जाने पर उमर ने कहा कि उन्हें नौशेरा सीट सुरक्षित करने दीजिए। खबरें मिल रही हैं कि चौधरी सुरिंदर इस सीट से जीत रहे हैं। उमर ने कहा, पहले रैना अपनी सीट सुरक्षित करें और फिर सरकार बनाने के बारे में सोचें।