जम्मू। अंतरराष्ट्रीय हैंडबॉल खिलाड़ी साहिल पादा के छह गोल के बाद भी अरुण शर्मा हैंडबॉल क्लब को बीएसएफ पंजाब फ्रंटियर टीम के हाथों 23-21 से हार मिली। एसडी सभा स्कूल के मैदान में इनविटेशन मुकाबले का आयोजन किया गया था। इसमें दोनों टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिला।
अरुण शर्मा हैंडबॉल क्लब के लिए अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी साहिल पाधा ने छह गोल किए, जबकि कानू और विवेक डोगरा ने चार-चार गोल किए। बीएसएफ टीम के कप्तान विनोद कुमार ने आठ गोल और जसबीर सिंह ने छह गोल कर टीम की जीत में मुख्य भूमिका निभाई। इस मुकाबले का आयोजन अरुण शर्मा स्पोर्ट एंड सोशल वेलफेयर ट्रस्ट ने किया था। इसमें भारत के पूर्व खिलाड़ी और सीआईएसएफ सेंट्रल टीम के कोच अरुण शर्मा मौजूद रहे। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में विशेष रूप से जम्मू और कठुआ जिलों में हैंडबॉल के पुनरुद्धार पर खुशी व्यक्त की। इस दौरान हैंडबॉल के खिलाड़ियों के साथ बातचीत कर उन्हें बेहतर खेलने के लिए प्रेरित किया गया। अरुण शर्मा स्पोर्ट्स एंड सोशल वेलफेयर ट्रस्ट के ट्रस्टी और एसडी सभा स्कूल के हैंडबॉल प्रशिक्षण केंद्र के कार्यवाहक आशुतोष शर्मा ने मौजूद लोगों का धन्यवाद किया।