जम्मू। प्रदेश में 27 अक्तूबर से शुरू हो जा रहे बैक टू विलेज के चौथे चरण के अभियान के लिए सरकार ने आईएएस और जम्मू-कश्मीर प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों जिम्मेदारी सौंप दी गई है। जिला स्तर पर भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को प्रभार सौंपे गए हैं ताकि अभियान को आकर्षक और प्रभावशाली बनाया जा सके।
सामान्य प्रशासनिक विभाग के सचिव डॉ. पीयूष सिंगला की तरफ से जारी आदेश के तहत जम्मू जिले का प्रभार वरिष्ठ आईएएस अधिकारी एवं गृह विभाग के वित्त आयुक्त राज कुमार गोयल को सौंपा गया है। श्रीनगर जिले का प्रभार कृषि उत्पाद विभाग के वित्त आयुक्त एवं अतिरिक्त मुख्य सचिव अटल डुल्लू, रियासी में जल शक्ति विभाग के प्रधान सचिव शालीन काबरा, सांबा में आईएएस अधिकारी बिपुल पाठक, उधमपुर में प्रशिक्षण विभाग के प्रधान सचिव अशोक कुमार परमार, बडगाम में आवास विभाग के प्रधान सचिव धीरज गुप्ता को अभियान का प्रभारी बनाया गया है।
कुपवाड़ा में कौशल विकास विभाग के प्रधान सचिव डॉ. असगर हसन सामून, उधमपुर में उद्योग विभाग के प्रधान सचिव प्रशांत गोयल, कठुआ में उच्च शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव रोहित कंसल, राजोरी में लोक निर्माण विभाग के प्रधान सचिव शैलेंद्र कुमार, सांबा जिले में स्कूल शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव अलोक कुमार, डोडा में विद्युत विकास विभाग के प्रधान सचिव राजेश प्रसाद, रामबन में वन विभाग के आयुक्त सचिव संजीव वर्मा, पुंछ जिले में विज्ञान और तकनीकी विभाग के आयुक्त सचिव सौरभ भगत, कुलगाम जिले में राजस्व विभाग के आयुक्त सचिव विजय कुमार, गांदरबल में समाज कल्याण विभाग की आयुक्त सचिव शीतल नंदा को अभियान का जिला प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा जम्मू कश्मीर प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की भी जिला आधार पर जिम्मेदारी तय की गई है।