दोमाना। डेमोक्रेटिक आजाद पार्टी अपने दम पर सरकार बनाएगी। आने वाले चुनावों के लिए कार्यकर्ता तैयार रहें। यह बातें पार्टी के चेयरमैन गुलाम नबी आजाद ने कही। वह सोमवार को दोमाना में थे।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से रूबरू होते हुए अपने ढाई साल के कार्यकाल का लेखा-जोखा रखा। कहा, उन्होंने मुख्यमंत्री रहते ढाई साल के कार्यकाल के दौरान 50 साल के बराबर काम किए ताकि जम्मू-कश्मीर के विकास में कोई कमी न रहे। अब वक्त आ गया है कि हमें नए सिरे से डेमोक्रेटिक आजाद पार्टी को मजबूत बनाना है ताकि जब भी विधानसभा चुनाव हों तो पार्टी की जीत को सुनिश्चित बनाया जा सके।
पूर्व उप मुख्यमंत्री तारा चंद ने कहा कि किसी को भी संगठन को खड़ा करने के लिए कड़ी मशक्कत की जरूरत होती है। उसके लिए कार्यकर्ता तैयार हैं। इसके लिए प्रदेश कमेटी, संभाग कमेटी, जोनल कमेटी, जिला कमेटी और ब्लॉक कमेटी के साथ-साथ पंचायत समितियों का गठन किया जाएगा। ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को इसमें प्रतिनिधित्व दिया जा सके। इस दौरान पैंथर पार्टी, पीडीपी, कांग्रेस के कई कार्यकर्ताओं ने डेमोक्रेटिक आजाद पार्टी का दामन थामा। इस मौके पर पूर्व मंत्री आरएस चिब, मनोहर लाल, गारू राम, पूर्व विधायक बलवान सिंह, पूर्व एमएलसी सुभाष गुप्ता, विनोद मिश्रा, विक्की महाजन, वरिष्ठ नेता अशोक भगत, अश्वनी शर्मा, रवि शर्मा, सरपंच राजदेव सिंह, सोमनाथ डोगरा, शमशेर सिंह आदि उपस्थित थे।
वहीं, शिक्षक भवन गांधीनगर में गांधी ग्लोबल फैमिली के एक कार्यक्रम में गुलाम नबी आजाद ने लोगों से सांप्रदायिक सौहार्द और भाईचारे को मजबूत बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज को कुछ ताकते तोड़ने की कोशिश करती रहती हैं, जिसका हम सबको मिलकर जवाब देना है और यह हमारी एकजुटता से ही संभव है। उन्होंने महान गांधीवादी निमिका देशपांड पद्म विभूषण को उनके 93वें जन्मदिवस पर याद किया।