जम्मू। जम्मू कश्मीर में कोविड पर लगभग नियंत्रण है। प्रदेश के 18 जिलों में मंगलवार को कोई संक्रमित मामला नहीं मिला। राजधानी जम्मू और श्रीनगर में भी दैनिक आधार पर पांच से कम मामले मिल रहे हैं। प्रदेश में सिर्फ 6 ही संक्रमित मामले मिलने के साथ सक्रिय मामले 105 रह गए हैं। आगामी दिनों में कई जिले कोविड मुक्त हो जाएंगे। संक्रमित मामलों में गिरावट को देखते हुए दैनिक आधार पर कोविड परीक्षण पांच हजार से कम किए जा रहे हैं।
प्रदेश में मंगलवार को जिला श्रीनगर में दो और जम्मू में चार ही संक्रमित मामले मिले, जबकि बाकी किसी भी जिले में कोई संक्रमित मामला नहीं मिला है। वर्तमान में जिला उधमपुर और कुपवाड़ा कोविड मुक्त चल रहे हैं। जम्मू और श्रीनगर को छोड़कर अन्य सभी जिलों में प्रत्येक में पांच से कम सक्रिय मामले हैं। प्रदेश में मंगलवार को 3834 कोविड परीक्षण किए गए। सार्वजनिक स्थलों पर कोविड पाबंदियां खत्म होने से लगभग हर क्षेत्र को गति मिली है। इन स्थलों पर मास्क, सार्वजनिक दूरी, कोविड उपयुक्त व्यवहार का लगभग पालन नहीं हो रहा है।