जम्मू। केंद्रीय विश्वविद्यालय जम्मू में स्नातक व एकीकृत डिग्री प्रोग्राम में प्रवेश के लिए सोमवार को पहली मेरिट सूची शाम 4 बजे जारी की जाएगी है। मेरिट सूची में आने वाले अभ्यर्थियों को दाखिला शुल्क जमा करने के लिए सिर्फ 24 घंटे का समय दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को निर्धारित समय के भीतर शुल्क जमा करवाकर अन्य औपचारिकताएं भी पूरी करनी होंगी। निर्धारत समय के भीतर शुल्क जमा नहीं करवाने वाले अभ्यर्थियों को दोबारा मौका मिलने की संभावना कम है। पहली काउंसलिंग में सीटें खाली रहने के बाद दूसरी मेरिट सूची 4 को जारी की जाएगी।
प्रवेश समिति की ओर से निर्णय लिया गया है कि दूसरी काउंसलिंग में खाली सीटों के लिए तीसरी मेरिट सूची 6 अक्तूबर को जारी होगी। इस बार दाखिले के लिए अभ्यर्थियों के बीच कड़ी स्पर्धा है। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रोफेसर सूरम सिंह ने कहा कि एक सीट के लिए आठ से अधिक अभ्यर्थियों ने पंजीकरण करवाया है। उन्होंने कहा कि जो अभ्यर्थी मेरिट सूची में आएंगे। उन्हें प्रक्रिया के अनुसार दाखिला शुल्क जमा करवाना होगा। इसके अलावा उन्होंने कहा कि पीजी में दाखिले के लिए भी सोमवार से पंजीकरण शुरू होंगे। कुछ दी दिनों में पंजीकरण करवाकर दाखिला प्रक्रिया भी शुरू कर दी जाएगी। 17 अक्तूबर तक स्नातक के दाखिले पूरे कर दिए जाएंगे। दीपावली के बाद स्नातक की कक्षाएं भी शुरू की जाएंगी। अभ्यर्थियों को विवि की साइट पर देखते रहना होगा। विभिन्न प्रकार की विस्तृत सूचनाएं साइट पर भी डाली जाएंगी। प्रवेश के दौरान अभ्यर्थियों कोे किसी प्रकार की समस्या आएगी तो विवि की प्रवेश समिति के साथ संपर्क कर सकते हैं।