जम्मू। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग ने सोमवार को उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले का दौरा कर गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित दौरे की व्यवस्थाओं को जांचा।
चुग ने इस अवसर पर पार्टी नेताओं से बैठक कर पार्टी की नीतियों व कार्यक्रमों का जन जन तक प्रचार व प्रसार करने के लिए कहा, ताकि शाह की रैली में ज्यादा से ज्यादा लोग पहुंचें। उन्होंने बारामुला जिले में कई प्रतिनिधिमंडलों से मुलाकात करने के अलावा जन बैठकों को संबोधित करते हुए मोदी सरकार की जन हित की नीतियों से आम आदमी को पहुंच रहे फायदों के बारे में बताया।
उन्होंने कहा, जम्मू कश्मीर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिल में बसता है। वह हमेशा जम्मू कश्मीर में हो रहे विकास की जानकारी लेते रहते हैं। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री ने जम्मू कश्मीर में दिल खोलकर फंड देने का काम किया है, ताकि यहां पर तीव्र गति से विकास कार्य हो सकें। ऐसे में यहां के लोगों को प्रधानमंत्री का तहे दिल से धन्यवाद करना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि गृह मंत्री अमित शाह तीन दिवसीय दौरे पर तीस सितंबर को जम्मू पहुंचेंगे। एक अक्तूबर को वह राजोरी जिले में रैली को संबोधित करेंगे और दो अक्तूबर के उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले में वह रैली को संबोधित करेंगे।