जम्मू। कटड़ा के ककरेयाल स्थित श्री माता वैष्णो देवी नारायणा अस्पताल के प्रबंधक निकाय ने दूर दराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की सुविधा के लिए टेलिमेडिसन की सुविधा शुरू करने औ जम्मू में ओपीडी सेवा का विस्तार करने के निर्देश जारी किए हैं। शुक्रवार को अस्पताल के प्रबंधक निकाय की 67वीं बैठक श्राइन बोर्ड के सदस्य डॉ. अशोक भान की अध्यक्षता में हुई। भान ने अस्पताल पर मरीजों का विश्वास बढ़ाने के लिए मेडिकल और पैरा मेडिकल स्टाफ और प्रबंधन के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा, रियायती दाम पर लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मुहैया करवाना अस्पताल का प्रमुख लक्ष्य है। श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अंशुल गर्ग के अलावा इस अवसर पर रिटायर्ड जज सुरेश कुमार शर्मा, नारायणा अस्पताल समूह के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विरेन शेट्टी, नार्दर्न रीजन के निदेशक नवनीत बाली व अन्य मौजूद रहे।