जम्मू। स्वतंत्रता दिवस के बाद जम्मू कश्मीर में 25 अगस्त से पहले बड़ा प्रशासनिक फेरबदल होगा। कई प्रशासनिक सचिवों के विभाग बदले जाएंगे। वहीं, सामान्य प्रशासनिक विभाग के प्रधान सचिव जोकि स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के वित्त आयुक्त का अतिरिक्त कार्यभार भी संभाल रहे हैं, पांच साल के केंद्रीय डेपुटेशन पर जाएंगे। इससे पहले रविवार को एस्टेट विभाग के निदेशक सुभाष चंद्र छिब्बर का तबादल कर युवा सेवा एवं खेल विभाग का निदेशक बनाया गया है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार श्री अमरनाथ यात्रा संपन्न हो चुकी है। ऐसे में स्वतंत्रता दिवस के बाद बड़ा प्रशासनिक फेरबदल प्रदेश में होगा। कई अहम विभागों के प्रधान सचिव बदले जाएंगे। स्कूल शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव बीके सिंह के बाद सामान्य प्रशासनिक विभाग के प्रधान सचिव केंद्रीय डेपुटेशन पर डीओपीटी विभाग में जाएंगे। इसके लिए केंद्र सरकार की तरफ से आदेश भी जारी हो गया है। द्विवेदी डीओपीटी विभाग में संगीता चतुर्वेदी के स्थान पर संयुक्त सचिव का पदभार संभालेंगे।
द्विवेदी के पास जम्मू कश्मीर में दो बड़े विभागो का जिम्मा रहा है। ऐसे में सामान्य प्रशासनिक विभाग और स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग में आगामी दिनों नए प्रधान सचिवों की नियुक्ति तय है। सूत्रों के अनुसार अहम प्रशासनिक विभागों में होने वाले प्रस्तावित फेरबदल के लिए उप राज्यपाल मनोज सिन्हा अपने प्रधान सचिव नितीश्वर कुमार के अलावा अन्य कई अधिकारियों के साथ बैठकें कर चुके हैं। सूची भी तैयार कर ली गई है।