जम्मू। खाद्य, आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग राशन डिपो में ई-सर्विस शुरू करेगा। इससे लोगों को रोजगार के लिए फार्म भरने, बैंकिंग, आधार कार्ड, पासपोर्ट, लाइसेंस, बिजली-पानी के बिल और राशन समेत अन्य सरकारी योजनाओं के लाभ के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की सुविधा मिलेगी। इससे जहां डिपो होल्डर की आय बढ़ेगी, वहीं लोगों के काम बाजार से कम दाम पर हो जाएंगे।
इस सेवा के शुरू होने से शहरों में मोहल्लों से बाजारों तक एक से दो किलोमीटर का सफर तय नहीं करना होगा। वहीं, ग्रामीण इलाकों में भी लोगों को राहत मिलेगी। यहां पर लोगों को दस से 15 किलोमीटर का सफर तय नहीं करना पड़ेगा। पंचायत में ही सरकारी डिपो में सभी सरकारी काम ऑनलाइन हो जाएंगे। सरकार की ओर से विभाग को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
अब डिपो में सर्विस देने के लिए डिपो होल्डरों के लिए प्रशिक्षण का आयोजन अगस्त माह से किया जा रहा है। इसमें ऑनलाइन सेवाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी। हालांकि पहले लोगों को सरकारी योजनाओं या फिर अन्य दस्तावेजों संबंधी काम करवाने के लिए बाजारों में जाकर ऑनलाइन काम करवाना पड़ता था। बिजली, पानी बिल और अन्य कामों के लिए कार्यालयों में जाना पड़ता था। इसके लिए उन्हें लंबा इंतजार करना पड़ता था। अब घरद्वार पर ही ई-सर्विस के माध्यम से काम हो सकेंगे। इससे समय की बचत भी होगी।
----------
प्रदेश में 6750 है डिपो होल्डर
प्रदेश भर में 6750 के करीब डिपो होल्डर हैं। सभी को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद डिपो में इनके माध्यम से ई सर्विस संबंधी तमाम काम हो सकेंगे।
------------
क्या कहते हैं लोग
डिपो में ई-सर्विस सुविधा मिलने से बिजली, पानी बिल समेत अन्य काम हो सकेंगे। इससे समय की बचत होगी। काम करवाने में अतिरिक्त पैसे नहीं खर्च करने पड़ेंगे।
- मनदीप चौधरी
बेरोजगार युवाओं को फार्म भरवाने के लिए पहले बाजारों में जाना पड़ता था। यहां पर लंबा इंतजार करना पड़ता था। मनमानी फीस अदा करनी पड़ती थी। अब पैसों की बचत होगी। इस फैसले से राहत मिलेगी।
- राकेश शर्मा
----------
कोट
डिपो में अब ई-सर्विस की सुविधा भी मिलेगी। काम अब लोग घरद्वार पर ही करवा सकेंगे। डिपो होल्डरों को अगले माह से प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद डिपो होल्डर काम आरंभ करेंगे।
- विपिन भगत, सहायक निदेशक, खाद्य, आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग