जम्मू। जम्मू-कश्मीर में जुलाई के शुरू से कोविड संक्रमण का ग्राफ लगातार ऊपर जा रहा है। एक हफ्ते में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा दोगुना हो गया है। प्रदेश में मंगलवार को 697 संक्रमित मामले मिले। इससे पहले 19 जुलाई को यह आंकड़ा 333 था।
चिंता यह है कि इनमें अधिकांश मामले स्थानीय स्तर के हैं। यानी सामुदायिक स्तर पर कोविड संक्रमण का तेजी से प्रसार हो रहा है। ओमिक्रान के नए नौ वेरिएंट संक्रमण का प्रसार करने का काम कर रहे हैं। राहत यह है कि ये वेरिएंट घातक नहीं हैं, लेकिन भविष्य में इनका स्वरूप बदलने पर हालात बदल सकते हैं। राजधानी श्रीनगर और जम्मू सबसे अधिक प्रभावित हैं।
श्रीनगर में तेजी से संक्रमित मामले बढ़े हैं। मंगलवार को प्रदेश में सर्वाधिक इसी जिले में 268 स्थानीय स्तर के संक्रमित मामले मिले हैं। इसके साथ इस जिले में सक्रिय मामले बढ़कर 1245 हो गए हैं जो प्रदेश में सबसे अधिक हैं। दूसरे नंबर पर जम्मू जिला है, जहां सक्रिय मामलों की संख्या 1216 पहुंच गई है। यहां 147 नए संक्रमित मामले मिले हैं। बारामुला में 71, बडगाम में 22, कुपवाड़ा में 20, बांदीपोरा में 14, गांदरबल में 10, उधमपुर में 20, राजोरी में 16, डोडा में 40, कठुआ में 13, सांबा में 11, किश्तवाड़ में 16 और पुंछ में 10 संक्रमित मामले मिले हैं। इसके साथ प्रदेश में सक्रिय मामले बढ़कर 3816 पहुंच गए हैं। इस बीच प्रदेश में 260 संक्रमित स्वस्थ भी हुए हैं। पिछले चौबीस घंटे में जम्मू कश्मीर में 12429 कोविड परीक्षण किए गए। जीएमसी के माइक्रोबायोलाजी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. संदीप डोगरा का कहना है कि मौजूदा कोविड संक्रमित मामलों में अस्पतालों में कम पीड़ित भर्ती हैं और अधिकांश घरों पर आइसोलेट होकर ठीक हो रहे हैं, लेकिन वेरिएंट कब नया स्वरूप बदल सकता है इस पर कुछ नहीं कहा जा सकता। तब अस्पतालों में संक्रमित मरीजों की भर्ती बढ़ने से हालात खराब हो सकते हैं। इसके लिए हर हाल में कोविड उपयुक्त व्यवहार का पालन सुनिश्चित कराना जरूरी है।
------------
तिथि संक्रमित मामले
26 जुलाई 697
25 जुलाई 383
24 जुलाई 631
23 जुलाई 557
22 जुलाई 531
21 जुलाई 505
20 जुलाई 434
19 जुलाई 333