जम्मू। सेना की व्हाइट नाइट कार्प के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल मनजिंदर सिंह ने वीरवार को नगरोटा में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। इसमें जम्मू पुलिस के एडीजीपी मुकेश सिंह भी मौजूद रहे। बैठक में आगामी अमरनाथ यात्रा, एलओसी की सुरक्षा और आंतरिक सुरक्षा के अलावा आतंकी गतिविधियों पर अंकुश लगाने पर चर्चा की गई। हाल ही में सुंजवां में हुए आतंकी हमले को लेकर भी बातचीत की गई। आगामी मचैल यात्रा पर भी गहन विचार विमर्श किया गया। उन्होंने जोर देकर कहा कि दोनों यात्राओं की सुरक्षा और आंतरिक सुरक्षा को लेकर सभी सुरक्षा एजेंसियों को मिलकर काम करना होगा। आपसी तालमेल और बेहतर समन्वय होना जरूरी है। लिहाजा सभी एजेंसियां अपने खुफिया और सुरक्षा तंत्र को सक्रिय करें और तालमेल बढ़ाएं। एक दूसरे के साथ इनपुट सांझा करें। इसी से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा सकेगा।