जम्मू। डीजीपी दिलबाग सिंह ने कहा कि अब कश्मीर में पहले से बेहतर हालात हैं। कोई आतंकी यदि किसी वारदात को अंजाम देता है तो उसे थोड़े समय के अंतराल में ही ढेर की दिया जाता है।
पल्ली गांव में पीएम मोदी के दौरे की सुरक्षा का जायजा लेने पहुंचे डीजीपी ने पत्रकारों से कहा कि पाकिस्तान में आतंकवादी संगठन और उनके आका जम्मू और कश्मीर में शांतिपूर्ण माहौल से आहत हैं। किसी भी तरह से वह हालात खराब करने के प्रयास में लगे रहते हैं।
उन्होंने कहा कि सुरक्षा की स्थिति पहले की तुलना में कहीं बेहतर है। हर रोज आतंकवाद विरोधी अभियान सफलतापूर्वक चलाए जा रहे हैं। इसमें कोई शक नहीं कि आतंकी तत्व हरकत कर रहे हैं लेकिन ऐसे हमलों में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और उन्हें जल्द ही बेअसर कर दिया जा रहा है। हाल ही में टीआरएफ द्वारा किए गए हमलों और अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा को लेकर दिए गए बयान पर सिंह ने कहा कि यह सब लश्कर के लिए काम करने वाले हैं। जो पाकिस्तान में बैठे हैंडलरों के इशारों पर काम करते हैं। यह बरसात के मौसम में मशरूम जैसे हैं। इस प्रकार के समूहों का धरातल पर कोई अस्तित्व नहीं है। चार समूहों द्वारा एक कार्रवाई का दावा किया जाता है। हम स्थिति के प्रति सचेत हैं और वास्तव में इसमें शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और हम आशा करते हैं कि उन्हें जल्द ही निष्प्रभावी कर दिया जाएगा।
आरपीएफ पर हमले में शामिल आतंकियों की पहचान
डीजीपी ने कहा, पुलवामा में आरपीएफ पर हुए हमले में शामिल आतंकियों की पहचान लगभग कर ली गई है, जिनको जल्द ही ढेर किया जाएगा। स्थानीय आतंकी कश्मीर में कुछ कर नहीं पा रहे। इसलिए पाकिस्तानी आतंकी फर्जी आधार कार्ड बनाकर कश्मीर में रह रहे हैं और आतंकी गतिविधियों को चला रहे हैं।