जम्मू। जम्मू-कश्मीर में लकड़ी आधारित उद्योग के लिए 213 नए लाइसेंसों को मंजूरी दी गई है। लकड़ी आधारित उद्योगों की क्षमता में वृद्धि की जा रही है। पीसीसीएफ व वन बल जम्मू कश्मीर के अध्यक्ष डॉ. मोहित गेरा की अध्यक्षता में हुई राज्य स्तरीय समिति (एसएलसी) की 8वीं बैठक में नए लाइसेंसों को मंजूरी दी गई।
डॉ. गेरा ने जोर दिया कि सरकार की पहल के तहत वन विभाग लाइसेंस के आवेदन, उसके नवीनीकरण, वन उपज के लिए ट्रांजिट परमिट जारी करने के सरलीकरण आदि के लिए एक ऑनलाइन प्रणाली सहित लकड़ी आधारित उद्योगों की सुविधा प्रदान कर रहा है। सरकार जम्मू कश्मीर में लकड़ी आधारित उद्योग को और सुविधा के लिए जम्मू-कश्मीर लकड़ी आधारित उद्योग नियमों का मसौदा तैयार करने पर विचार कर रही है। टी राबी कुमार एपीसीसीएफ (कश्मीर) द्वारा एसएलसी के समक्ष 213 आवेदन दिए गए थे। इसमें 73 क्रिकेट बैट इकाइयों और 8 प्लाईवुड/विनियर इकाइयों आदि की स्थापना के लिए विचार किया गया, जिसमें कमेटी ने सभी आवेदनों को मंजूरी दी है। इसके साथ श्रीनगर सर्कल में प्लाईवुड और विनियर इकाइयों की स्थापना के लिए 8 आवेदनों को भी मंजूरी दी गई।