जम्मू। जम्मू कश्मीर के सरकारी चिकित्सा केंद्रों में मरीजों के लिए सस्ती दवाओं की उपलब्धता का दायरा बढ़ाया जा रहा है। इसके लिए प्रदेश के 19 जिलों के चिकित्सा केंद्रों में जल्द 106 नए जन औषधि केंद्र खोले जाएंगे। प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना के तहत नए केंद्रों से आम मरीज को सस्ती दवाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी, जो बाजार से 80 से 90 फीसदी की कम दर पर मिलती हैं। नए केंद्रों के लिए प्रतिष्ठित गैर सरकारी संगठन, सोसायटी, ट्रस्ट, फर्म, निजी व्यक्ति, फार्मासिस्ट, अस्पताल के अधीक्षक, ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी, डॉक्टर, पंजीकृत मेडिकल प्रैक्टिशनर से 25 जनवरी तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। ये आवेदन संबंधित स्वास्थ्य निदेशालय की वेबसाइट पर ईमेल के माध्यम से लिए जाएंगे।
नए केंद्रों के लिए नियम और शर्ते तय की गई हैं। इसमें संचालन एजेंसी ड्रग लाइसेंस प्राप्त करने और पीएमबीआई की आवश्यकताओं को पूरा करने के बाद ऐसे स्टोर चलाने के लिए अनिवार्य अन्य अनुमतियों के लिए जिम्मेदार होगी। इसके अलावा अन्य तय नियमों का पालन करना होगा। जम्मू जिले में ऐसे केंद्रों के लिए एसडीएच जगती, सीएचसी खौड़, सीएचसी ज्यौड़ियां, सीएचसी कोटभलवाल, सीएचसी आरएस पुरा, सीएचसी बिश्नाह, जीएमसी अस्पताल (2 नंबर), एसएमजीएस अस्पताल जम्मू, सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल जम्मू, साइकाइटरी अस्पताल जम्मू, चेस्ट डिजीज अस्पताल जम्मू, एमसीएच अस्पताल गांधीनगर जम्मू, डीआरडीओ अस्पताल जम्मू को चिह्नित किया गया है। इसी तरह जिला उधमपुर में सीएचसी चिनैनी, पीएसची पंचैरी, जिला सांबा में डीएच सांबा, एक्सीडेंटल अस्पताल विजयपुर, पीएचसी पुरमंडल, एक्सीडेंटल अस्पताल गढ़वाल, पीएचसी नड़, पीएचसी सुंब, पीएचसी नंदपुर, पीएचसी गुड़ा सलाथिया, एचएंडडब्ल्यूसी संगवाल, पीएचसी उत्तरवाहिनी, बाड़ी ब्राह्मणा, जिला कठुआ में कठुआ (शहर) नंबर 3, सीएचसी हीरानगर, सीएचसी बनी, सीएचसी परोल, सीएचसी बसोहली, जिला राजोरी में सीएचसी सुंदरबनी, सीएचसी कालाकोट, सीएचसी नौशेरा, सीएचसी थन्नामंडी, सीएचसी मंजाकोट में नए जन औषधि केंद्र खुलेंगे। इसके अलावा जिला डोडा, पुंछ, रामबन, रियासी के साथ कश्मीर संभाग के श्रीनगर, बडगाम, पुलवामा, गांदरबल, बारामुला, कुपवाड़ा, बांदीपोरा, अनंतनाग, शोपियां और कुलगाम में केंद्र खुलेंगे।